
जोधपुर में लड़की के विवाद में एक युवक की पिकअप से कुचलकर हत्या कर दी गई। युवक की बॉडी रविवार सुबह 6 बजे सड़क किनारे मिली। घटना खेड़ापा थाना के बिराई गांव की है।
मर्डर से गुस्साए परिवार व अन्य लोगों पहले स्टेट और फिर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। करीब 2 घंटे के जाम के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
भोपालगढ़ सीईओ गुलाबा राम ने बताया की मृतक बबलू (30) के परिजनों ने महेंद्र खेराज (30) पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
घटना वाली रात को भी हुई थी पंचायत
पुलिस के अनुसार लड़की के विवाद को लेकर शनिवार रात को भी पंचायत हुई थी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात को आरोपी ने शराब के नशे में पिकअप से बबलू को टक्कर मार दी। आज सुबह बबलू का शव गांव में ही सड़क किनारे पड़ा मिला।

स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है विवाद की जानकारी होने के बाद पुलिस ने पहले कार्रवाई नहीं की।
पुलिस नहीं पहुंची, हाईवे जाम कर नारेबाजी
डेडबॉडी मिलने की सूचना पर भी पुलिस नहीं पहुंची तो परिवार बबलू का शव लेकर बावड़ी सीएचसी पहुंचा। इसके बाद नाराज परिजन सुबह 8:15 बजे सीएचसी के सामने ही बावड़ी-बिसलपुर स्टेट हाईवे पर पहुंच गए।
करीब आधा घंटे तक स्टेट हाईवे पर रुकने के बाद परिजन 100 मीटर दूरी पर जोधपुर-नागौर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दीं और सड़क किनारे बड़े-बड़े पत्थर रख दिए।

करीब आधा घंटे तक पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की।
2 घंटे जाम, गाड़ियों की लाइनें लगीं
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया। करीब 10:15 बजे हाईवे को दोबारा खुलवाया गया। इस दौरान दोनों और कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लाइन लग गई। जाम खुलने के बाद काफी देर तक ट्रैफिक स्लो ही रहा। वहीं, डेडबॉडी को पुलिस ने मॉर्च्युरी में रखवाया है।








