
राजस्थान में पंचायत चुनावों में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली। वहीं बीजेपी के हिस्से अब तक की सबसे बड़ी हार आई है। नतीजों ने सरकार के मंत्रियों की जमीनी हकीकत की वास्तविकता को सामने रख दिया है। सरकार के 17 मंत्रियों और 3 केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा कहीं टक्कर में भी नहीं आ पाई।
प्रदेश की 37 जिला परिषद में से कांग्रेस को जयपुर समेत 23 जगह बहुमत मिला। चार जगह सबसे बड़ा दल है। वहीं भाजपा को केवल 5 जिलों में बहुमत मिल पाया। सलूंबर में भाजपा बड़ी पार्टी बनी है। नागौर में आरएलपी ने बड़ी जीत दर्ज की। 8 जिलों में निर्दलीय किंगमेकर बने।
इसी तरह 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 275 में जीत दर्ज करके प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं, बीजेपी को केवल 63 पंचायत समितियों में जीत मिली। वहीं, 64 पंचायत समितियां अन्य के खाते में गईं। 17 में किसी दल को बहुमत नहीं मिला।
20 नवंबर को 37 जिलों के ही रिजल्ट आए हैं। कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली की काउंटिंग 17 दिसंबर को होगी।









