
पंचायत समितियों के रिजल्ट में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सीकर की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड-17 में UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी 51 वोट से हार गईं।
खर्रा के दोनों बेटे निर्दलीय प्रत्याशी दुर्गा सिंह खर्रा और भाजपा कैंडिडेट अजय सिंह भी हार गए। खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी चुनाव हार गईं। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
अलवर की कठूमर पंचायत समिति में सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव चुनाव हार गए हैं। कठूमर के विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधू भी चुनाव हार गई हैं। विधायक की पुत्रवधू दीपिका ने वार्ड-12 और बिंदू ने वार्ड-11 से चुनाव लड़ा था।
नागौर पंचायत समिति के वार्ड-5 से RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल की बहन दाखू देवी जीती हैं। उदयपुर की गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड-4 से पूर्व मंत्री खेमराज कटारा और पूर्व विधायक सज्जन कटारा के बेटे विवेक कटारा जीत गए हैं। कटारा खुद भी उदयपुर ग्रामीण सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
जोधपुर की तिंवरी पंचायत समिति में ओसियां विधायक भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप चुनाव जीते हैं। ओसियां पंचायत समिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री शंभूसिंह खेतासर के की पत्नी व निवर्तमान प्रधान बदन कंवर खेतासर और पुत्रवधू किरण कंवर चुनाव हार गईं।
प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है। कांग्रेस को 159, भाजपा को 81 और अन्य को 56 में बढ़त है।









