
बूंदी में मुख्य अतिथि जिला कोषाधिकारी चित्रा सिंह ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शनिवार को बूंदी के खेल संकुल में ‘योग फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से हुए इस आयोजन में योगाभ्यास, नशामुक्ति की शपथ और संवाद के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
जिला कोषाधिकारी चित्रा सिंह ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई, वहीं योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने युवाओं को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन सहित कई योग कराए।
योगाभ्यास से स्वस्थ जीवन का संदेश
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने युवाओं को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन और कपालभाति सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया गया।
नशे से दूरी परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी
मुख्य अतिथि जिला कोषाधिकारी चित्रा सिंह ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक युवा को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना चाहिए।
योग और खेल युवाओं की ऊर्जा को देते हैं सही दिशा
विशिष्ट अतिथि बूंदी खेलकूद विकास समिति के अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल ने कहा कि योग और खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित योगाभ्यास और खेल गतिविधियों से युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
‘नशा एक जाल है’, शुरुआत में ही रहें सतर्क
स्वयंसेवक गोविंद प्रजापत ने ‘नशा एक जाल है’ विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य पर बुरा असर डाल सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे के आकर्षण और साथियों के दबाव से दूर रहने, समय रहते जागरूक बनने तथा अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने की अपील की।

युवाओं को नियमित योगाभ्यास और खेल गतिविधियों में शामिल रहने को किया प्रेरित।
युवाओं ने लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प
कार्यक्रम में नियमित योगाभ्यासी बृजमोहन गर्ग, प्रधानमंत्री संवादकर्ता युवा शिक्षक दीपक शर्मा, अध्यापक रविन्द्र गुर्जर, पंकज पारीक, भजनलाल और हरीश कुमार सहित अनेक युवा शामिल हुए। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।








