
इंद्रगढ़ नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की।
नगर पालिका उपाध्यक्ष अंजू राजावत के नेतृत्व में वार्ड पार्षद आसाराम मीणा और महेंद्र सिंह राजावत ने नई दिल्ली स्थित ओम बिरला के निवास पर उनसे मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने लोकसभा अध्यक्ष को इंद्रगढ़ क्षेत्र की दो मुख्य मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसी के साथ ज्ञापन देकर इंद्रगढ़ नगर पालिका में खाली पड़े सहायक अधिशासी अधिकारी (EO) और कनिष्ठ अभियंता (JEN) के पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग की गई।
दूसरी प्रमुख मांग इंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को सुनिश्चित करने की थी। इससे यात्रियों, व्यापारियों और आम जनता को सुविधा मिलेगी।
वार्ता के दौरान वार्ड पार्षद आसाराम मीणा और महेंद्र सिंह राजावत ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं की जानकारी दी। लोकसभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।








