
पुष्कर और उदयपुर में नतीजों से पहले बाड़ेबंदी का लुत्फ उठाया गया। झुंझुनूं में विधायक और पूर्व विधायक प्रत्याशियों के ‘सारथी’ बन गए। अलवर में DSP साहब का सिंघम अवतार दिखा तो जयपुर के स्थापना दिवस पर बेटी के ब्याह का तोरणद्वार तोड़ दिया।
राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में…
1. बाड़ेबंदी में पूल पार्टी और क्रिकेट
करियर बनाने वाले ध्यान दें, जनप्रतिनिधि से बढ़िया नौकरी कोई नहीं। माना कि अग्निवीर की तरह यह भी शॉर्ट टाइम काम है, लेकिन कई लोग तो इसी शॉर्ट टर्म में पीढ़ियों का बंदोबस्त कर लेते हैं।
अच्छे लोग भी होते हैं जो नौकरी को सेवा की तरह करते हैं और जनता के यकीन पर खरे उतरते हैं, तो जनता उनका टर्म बढ़ाती जाती है।
और अगर एक पार्टी में लंबे समय तक टिक गए तो हो सकता है कहीं के राज्यपाल बना दिए जाओ। या फिर संगठन में बढ़िया जगह चिपका दिया जाए। काम एक फायदे अनेक।
इधर चुनाव होते ही आजकल नेतागण को सदस्य चोरी होने या बिक जाने का डर सताता है। लिहाजा मतदान के तुरंत बाद ‘बाड़ेबंदी’ नाम का इनोवेशन हुआ है।
बाड़ेबंदी के कई पर्यायवाची शब्द भी हैं। जैसे- प्रशिक्षण शिविर, सेवा कैंप, देवदर्शन यात्रा, धार्मिक शिविर, पार्टी की रीति-नीति ज्ञानवर्धन संगोष्ठी।
बाड़ेबंदी से अक्सर पुरुष प्रत्याशियों की पूल पार्टी के दृष्य आते हैं। अब महिलाएं किसी भी काम में पुरुषों से पीछे नहीं।
सीकर की धोद पंचायत समिति की महिला प्रत्याशियों ने पुष्कर में पूल पार्टी के मामले में भी कंधे से कंधा मिलाकर ‘आज ब्लू है पानी’ नामक गीत पर जल-नृत्य कर लिया।
उधर, सीकर की पिपराली पंचायत समिति के प्रत्याशियों ने उदयपुर में क्रिकेट का आनंद लिया। विधायक राजेंद्र पारीक धूप सेंकते हुए भतीजे अंकित का कला-कौशल देखते रहे। पिपराली सरपंच साहब फील्डिंग में तैनात रहे।

पुष्कर में धोद पंचायत समिति की महिला प्रत्याशी पूल पार्टी करते हुए। उदयपुर में विधायक राजेंद्र पारीक की मौजूदगी में पिपराली पंचायत समिति के प्रत्याशी क्रिकेट खेलते हुए।
2. जब महारथी बन गए ‘सारथी’
झुंझुनूं के नवलगढ़ से विधायक विक्रम जाखल के हाथ में चाय की ट्रे। लोगों को चाय परोस रहे हैं। नाश्ता कर रहे लोगों को ठंडे की बोतलें पकड़ा रहे हैं। समोसा सप्लाई पर सुझाव ले-दे रहे हैं।
आम दिन होता और कोई आम विधायक होता तो चिल्लाकर कहता- कहां मर गए सारे नौकर-चाकर?
लेकिन ये दिन चुनाव के हैं। विधायकजी पर अपने प्रत्याशियों को संभालकर बाड़ेबंदी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी।
ऐसे में एक-एक प्रत्याशी पर निगाह रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि उन्हें खिलाने-पिलाने के बहाने आस-पास मंडराते रहो। इससे नजदीकी बढ़ती है और नजर बनी रहती है।
नाश्ता होने के बाद महारथी विधायकजी सारथी का रूप धारण कर लिया। बस में सभी सदस्यों को बैठाकर उन्होंने बस का स्टेयरिंग संभाल लिया। बस सीधे बाड़ेबंदी में जाकर रुकी।
कुछ ऐसी ही जिम्मेदारी उदपुरवाटी से पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी जी भी थी। इस बार उनकी जिम्मेदारी दोहरी रही।
पार्टी के प्रत्याशियों के लिए भी जोर लगाया और वार्ड 18 से खड़ी बेटी दीक्षा के लिए अलग से जोर लगाना पड़ा।
डबल जिम्मेदारी को उन्होंने ढंग से निभाया। उन्होंने भी खुद बस चलाकर प्रत्याशियों को ठिकाने पहुंचाया।

बस चलाते नवलगढ़ विधायक विक्रम जाखल और उदयपुरवाटी से पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी।
3. DSP साहब ने उतारा ‘चुनावी भूत’
16 नवंबर की बात है। अलवर के मुंडावर में ग्राम पंचायत है काली पहाड़ी। यहां सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
दोनों पक्ष काली पहाड़ी को लाल पहाड़ी में तब्दील करने पर आमादा। चलते चुनाव के बीच जोरदार हंगामा हो गया। लोग जुटने लगे। भीड़ लग गई।
ऐसे माहौल को शांत कराने की कमान संभाली मुंडावर डिप्टी एसपी लाल सिंह यादव ने। वे जानते थे कि नरमाई से काम चलेगा नहीं। लिहाजा लहजा सख्त कर लिया।
भीड़ के सामने खड़े होकर बोले- एक तुम्हारी ही पंचायत में चुनाव नहीं है, 100 जगह हो रहा है। ध्यान रखना पूरा प्रशासन आया हुआ है।
वैसे भी तुम सरपंच बनकर प्रधानमंत्री नहीं बन रहे। ऐसे चक्करों में मत फंसो कि 20 साल याद करो। कहीं चालान से तुम्हारा फार्म ही रद्द न हो जाए।
यहां युवा-बच्चे भी हैं। देख लो, नौकरी करनी है, भविष्य बनाना है या फिर मुकदमे दर्ज कराने हैं। अब सब अपने-अपने घर निकलो।
जिसे वोट देना हो, जो कैंडिडेट हो वही रुके। इसके अलावा कोई रुके तो अपनी रिस्क पर रुके। बाकी यहां की चिंता मत करो। मैं बैठा हूं।
साहब के तेवर देख आक्रोशित भीड़ नरम पड़ी और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। अब साहब के वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं।

अलवर के मुंडावर में काली पहाड़ी ग्राम पंचायत के चुनाव के दौरान हंगामा करते लोगों को समझाते डिप्टी एसपी लाल सिंह यादव।
4. चलते-चलते..
जयपुर 399 साल का हो गया। खूबसूरत शहर है। जनसंख्या बढ़ रही है इसलिए सड़कों रास्तों को चौड़ा किया जा रहा है।
शहर के एक इलाके में तोड़-फोड़ की कार्यवाही चल रही है। जयपुर की स्थापना के दिन यह कार्यवाही नहीं होती तो अच्छा होता।
जिस दिन शहर बसा, उस दिन किसी का आशियाना, किसी का रोजगार, किसी का भविष्य उजाड़ना नहीं चाहिए था।
उसी इलाके में एक मैरिज गार्डन में एक बेटी का ब्याह तय था। तोरण द्वार लगा दिया गया था। एंट्री का ढांचा खड़ा कर दिया गया था। बारात के स्वागत की तैयारी थी।
पूरा परिवार-रिश्तेदार शादी के काम में लगे हुए थे कि अचानक बुलडोजर और जेसीबी घरघराने लगे। तोरणद्वार तोड़ दिया। एंट्री का ढांचा गिरा दिया गया। मैरिज गार्डन की दीवार गिरा दी।
दुल्हन के माता-पिता की आंखें भर आईं। पिता बोले- दो दिन कार्रवाई टाल देते तो क्या बिगड़ जाता? किसी की बद्दुआएं नहीं लेनी चाहिएं। मां भी भरभराई आवाज में बोलीं- जेडीए का क्या गया? नुकसान तो हमारा हो गया न।

जयपुर के कलकत्ता मैरिज गार्डन में जेडीए की कार्रवाई के बाद दुल्हन की मां चंद्ररेखा ने कहा कि हमारा नुकसान हो गया।









